रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | कोलारस थाना क्षेत्र के बाइपास रोड पर गुरुवार को सड़क हादसे में घायल युवक के परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए चक्काजाम कर दिया। इस घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला मौके से गुजरा, जिसे प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया। मंत्री के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
दो दिन पहले हुई दुर्घटना :
मामला दो दिन पहले रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम जरिया का है, जहां हेमराज नामक युवक बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इस दौरान एक व्यापारी के सरिया ले जा रहे मजदूर सड़क पार कर रहे थे। सरिया का एक सिरा बाइक से टकरा गया, जिससे हेमराज गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
समझौते के बाद फिर विवाद
बुधवार को घायल युवक के परिजन संबंधित दुकानदार से बातचीत करने पहुंचे। सहमति बनी कि दुकानदार इलाज का खर्च उठाएगा। पर गुरुवार को परिजन हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कराने की मांग करते हुए पुलिस थाने पहुंचे। पुलिस ने इस पर कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद परिजनों ने बाइपास रोड पर दोपहर 12 बजे से जाम लगा दिया।
केंद्रीय मंत्री का हस्तक्षेप :
जाम के कारण हाईवे पर हजारों वाहन फंसे रहे। दो घंटे तक हालात बिगड़े रहे। इसी बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला वहां से गुजरा। प्रदर्शनकारियों ने उनका वाहन रोक लिया और अपनी बात रखी। मंत्री ने घायल युवक के समुचित इलाज और न्यायसंगत कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाने का निर्णय लिया।
स्थिति सामान्य
मंत्री के हस्तक्षेप से हाइवे पर यातायात फिर से चालू हो गया। प्रशासन ने मामले की जांच का भरोसा दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे।
इनका कहना…
“एक्सीडेंट की घटना हुई थी। परिजन इसमें हत्या के प्रयास का केस दर्ज करने के लिए दबाव बना रहे थे। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया से बात करने के बाद लोग बायपास से हट गए और हमने एक्सीडेंट का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मंत्रीजी घायल का इलाज करवा रहे है।”अमन सिंह राठौड़, एसपी शिवपुरी
अमन सिंह राठौड़, एसपी शिवपुरी






