रिपोर्ट-अतुल कुमार जैन
शिवपुरी | फिजिकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्पण कॉलोनी की रहने वाली एक महिला सोमवार को अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ ससुराल, ग्राम पारागढ़, जाने के लिए निकली थी। लेकिन सफर के दौरान उसने अपने पति को फोन कर कहा, “मैं घर नहीं जाऊंगी, मड़ीखेड़ा डैम में कूदकर अपनी जान दे दूंगी।” इस भयावह कॉल के बाद महिला का कोई पता नहीं चला। पुलिस को मंगलवार की सुबह डैम से मासूम का शव मिला, लेकिन 36 घंटे बीतने के बाद भी महिला का कोई अता-पता नहीं है। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय कमलेश, पत्नी भोलू बघेल, कभी अपने मायके तो कभी ससुराल में रहती थी। वर्तमान में वह दर्पण कॉलोनी में अपने मायके में चार साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे के साथ रह रही थी। सोमवार को वह बेटे रिहांश के साथ ससुराल पारागढ़ जाने के लिए निकली। देर शाम तक जब वह वहां नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। मायके वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट फिजिकल थाने में दर्ज करवाई।








