अतुल कुमार जैन
शिवपुरी जिले के नरवर ग्राम छतरी की एक शांत सुबह अचानक चीखती जेसीबी मशीन की गर्जना और दिल दहलाने वाली घटना से गूंज उठी। खेतों की सफाई के दौरान मशीन के फावड़े ने जमीन के अंदर छिपे नाग-नागिन की दुनिया को तहस-नहस कर दिया। नाग की चीखती मौत और नागिन की घायल अवस्था ने मानो एक ऐसा दृश्य रच दिया, जो किसी भी देखने वाले की रूह को हिला देने के लिए काफी था।
मशीन के चालक ने जैसे ही फावड़ा चलाया, एक अजीब-सा शोर सुनाई दिया। फावड़ा रुका, और सामने नाग की निर्जीव देह और घायल नागिन का दिल दहला देने वाला दृश्य था। चालक ने अपनी मशीन तुरंत बंद की और हड़बड़ाते हुए गांव वालों को बुलाया।

खबर जंगल में आग की तरह फैली और सैकड़ों ग्रामीण खेत में इकट्ठा हो गए। किसी ने सलमान पठान को बुलाने की सलाह दी, जो इलाके के मशहूर सर्पमित्र हैं। जब पठान वहां पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि नाग की लाश पर नागिन छटपटा रही थी। ऐसा लग रहा था मानो वह अपने साथी को जीवनदान देने की प्रार्थना कर रही हो।

नागिन का अनोखा मातम :
सलमान पठान ने जब नाग को सावधानी से उठाकर जमीन पर रखा, तो नागिन तुरंत उसके पास आ गई। उसकी हरकतें विचित्र थीं। ऐसा लगा जैसे वह रो रही हो। उसकी आँखों में गुस्सा और दर्द का अनोखा संगम था। किसी को पास फटकने की हिम्मत नहीं हो रही थी। नागिन नाग के शव पर लिपटी हुई फुफकार मार रही थी, मानो चेतावनी दे रही हो कि कोई भी उसकी दुनिया में दखल न दे।
पठान ने गांव वालों से कहा, “यह जोड़ी 16-17 साल से साथ थी। नाग-नागिन का यह रिश्ता इंसानों से भी ज्यादा मजबूत होता है। शायद इसीलिए नागिन अपने साथी की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रही।”
मौत के बाद का प्रतिशोध :
जब पठान ने नागिन को हटाने की कोशिश की, तो उसने हमला करने की कोशिश की। ऐसा लगा जैसे वह अपने साथी के लिए इंसाफ चाहती हो। पठान ने बड़ी सूझ-बूझ से उसे शांत किया और उसके घावों का इलाज किया। उनका कहना है, की उसका भी जीवित रहना मुश्किल है।








