रिपोर्ट-राकेश कुमार जैन
रायसेन | पिछले दिनों जैन साध्वियों के एक संघ पर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवकों को पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अपनी तत्परता का परिचय दिया था। यह घटना उस समय घटी जब साध्वियों का संघ गढ़ी से गैरतगंज की ओर जा रहा था। छह युवक एक जिप्सी में सवार होकर संघ को रास्ते में परेशान करने लगे। उन्होंने न केवल संघ के सामने कट मारा, बल्कि अशोभनीय टिप्पणियां भी कीं।

जैसे ही यह जानकारी जैन समाज तक पहुंची, समाज में आक्रोश फैल गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे ने घटना की गंभीरता के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने गहनता से कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर सभी युवकों को दबोच लिया।

इस उपलब्धि के लिए पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पांडे ने एसडीओपी श्रीमती प्रतिभा शर्मा और रायसेन थाना प्रभारी संदीप चौरसिया सहित पुलिस टीम के सदस्यों दुर्गेश सिंह राजपूत, प्रशांत पटेल, संजीव त्यागी, सीमा युइके, सुषमा धुर्वे और रितेश पाठक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

दूसरी ओर, जैन समाज ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की और पूरे जिले में संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ज्ञापन सौंपा। समाज के वरिष्ठजनों ने इस घटना को लेकर पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया और भविष्य में भी ऐसी सजगता बनाए रखने की अपील की।
पुलिस की मुस्तैदी ने न केवल अपराधियों को सबक सिखाया, बल्कि समाज में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत किया है।








