रिपोर्ट-सूरज मेहरा
भोपाल। भ्रष्टाचार उन्मूलन के लिए जागरूकता और कार्रवाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोपाल जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष दीपक खरे और पर्यावरण संस्कृति ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने एक महत्वपूर्ण पहल की। लोकायुक्त एसपी दुर्गेश कुमार राठौड़ की उपस्थिति में जनता के लिए दो केंद्रीयकृत हेल्पलाइन नंबर—9407293446 और 0755-2540889—जारी किए गए हैं। इन हेल्पलाइन नंबरों का उद्देश्य नागरिकों को भ्रष्टाचार की शिकायतें दर्ज कराने और उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है।
शिकायत प्रक्रिया में पारदर्शिता और मार्गदर्शन
एसपी दुर्गेश कुमार राठौड़ ने बताया कि इन हेल्पलाइन नंबरों पर शिकायत दर्ज कराने वालों को हर प्रकार की जानकारी दी जाएगी। शिकायतकर्ताओं को यह बताया जाएगा कि भ्रष्टाचारियों को ट्रैप करवाने की प्रक्रिया क्या है, कौन-कौन से सावधानियां बरतनी चाहिए, और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कैसे करना है। यह पहल नागरिकों को सशक्त बनाकर भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ठोस कदम उठाने के लिए प्रेरित करेगी।








